जी-15 शिखर सम्मेलन
18 विकासशील देशों के संगठन जी-15 का 14 वां शिखर सम्मेलन ईरान की राजधानी तेहरान में 15-17 मई, 2010 को आयोजित किया गया। जी-15 समूह में एशिया, अफ्रीका व लातीय अमेरिका के वे देश शामिल हैं जिनकी अर्थव्यवस्था विकासशील है। सम्मेलन में कई सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों व विदेश मंत्रियों ने शिरकत की। सम्मेलन में भारतीय शिष्टमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने किया।
सम्मेलन के मुद्दे
सम्मेलन में विकासशील देशों में निवेश, कारोबार का विस्तार करने, प्रौद्योगिकी का एक-दूसरे के साथ आदान-प्रदान करने पर विशेष रूप से चर्चा हुई। वैश्विक आर्थिक संकट, खाद्य सुरक्षा व पर्यावरण जैसे ज्वलंत मुद्दों पर भी सम्मेलन में विस्तार से चर्चा की गई।
समूह के अध्यक्ष ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदनेजादी ने अपनी आदत के अनुरूप पश्चिमी देशों को अपने भाषण का निशाना बनाया और कहा कि विकासशील देशों में समस्याओं का मुख्य कारण पूंजीवादी देश ही हैं।
सम्मेलन का घोषणापत्र
सम्मेलन के अंत में एक घोषणापत्र भी जारी किया गया जिसमें राजनीतिक व आर्थिक मामलों में दक्षिण-दक्षिण सहयोग को अधिक कारगर बनाने का आह्वान किया गया। ग्लोबलाइजेशन के इस दौर में विकासशील देशों के समक्ष नई तरह की चुनौतियां पैदा हुई हैं, इनसे निपटने के उपायों के प्रति प्रतिबद्धता घोषणापत्र में जताई गई। विकासशील देशों के लिए ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा काफी गंभीर है। इसके लिए परंपरागत व गैर-परंपरागत स्रोतों के विकास के लिए आपसी सहयोग की आवश्यकता घोषणापत्र में दोहराई गई। अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी दक्षिण-दक्षिण सहयोग को अधिक बढ़ाने की बात भी घोषणापत्र में कही गई।
समूह का अगला सम्मेलन 2014 में श्रीलंका में होगा।
जी-15 में शामिल देश: अल्जीरिया, अर्जेन्टीना, ब्राजील, चिली, मिस्र, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, जमैका, केन्या, नाइजीरिया, मलेशिया, मैक्सिको, पेरू, सेनेगल, श्रीलंका, वेनेजुएला और जिम्बाब्वे।
जी-15 शिखर सम्मेलन
वर्ष | आयोजन स्थल |
---|---|
1990 | कुआलालम्पुर (मलेशिया) |
1991 | कराकस (वेनेजुएला) |
1992 | डकार (सेनेगल) |
1993 | नई दिल्ली (भारत) |
1995 | ब्यूनस आयर्स (अर्र्जेंटीना) |
1996 | हरारे (जिम्बाब्वे) |
1997 | कुआलालम्पुर (मलेशिया) |
1998 | काहिरा (मिस्र) |
1999 | मोंटेगोबे (जमैका) |
2000 | काहिरा (मिस्र) |
2001 | जकार्ता (इंडोनेशिया) |
2004 | कराकस (वेनेजुएला) |
2006 | हवाना (क्यूबा) |
2010 | तेहरान (ईरान) |
Comments
All Comments (0)
Join the conversation