UP PCS 2020 में हरियाणा के मोहित रावत ने हासिल किया तीसरा स्थान, UPSC 2020 की मेंस परीक्षा भी कर चुके हैं पास
UP PCS 2020 के फाइनल रिजल्ट में पलवल जिले के रहने वाले मोहित रावत ने टॉप 3 में अपनी जगह बनाई है। मोहित पिछले तीन साल से UPSC एवं स्टेट PCS परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सोमवार को स्टेट PCS 2020 परीक्षा के परिणाम घोषित किये जिसमे पहले दो स्थान पर लड़कियों का क़ब्ज़ा रहा। वही हरियाणा की मोहित रावत ने तीसरा स्थान हासिल कर अपने माता पिता का नाम रोशन किया। पलवल जिले के रहने वाले मोहित वास्तव में UPSC सिविल सेवा की तैयारी कर रहे थे परन्तु निरंतर प्रयास के बावजूद उन्हें सफलता हासिल नहीं हो पाई। हालाँकि उन्होंने उत्तर प्रदेश की PCS परीक्षा में सफलता के साथ=साथ एक अच्छी रैंक भी हासिल की है।
2017 में शुरू की थी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी

मोहित मूल रूप से हरियाणा में पलवल जिले के बहीन गांव के रहने वाले हैं। साल 2015 में उन्होंने आईआईटी मंडी से बीटेक की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2017 में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी आरम्भ की। उन्होंने UPSC के साथ साथ स्टेट PCS परीक्षा के लिए भी पढ़ना शुरू किया। तीन वर्ष तक निरंतर असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत करते रहे।
UP PCS की तैयारी के लिए रोजाना करते थे 10 घंटे पढ़ाई

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में PCS के लिए यह मोहित का दूसरा प्रयास था। करीब साढ़े तीन साल की मेहनत के बाद उनको यह सफलता मिली। मोहित ने बताया कि UPPCS के लिए वह रोजाना लगभग 10 घंटे पढ़ाई करते थे। अपनी इस कामयाबी का क्रेडिट वह अपने परिवार को देते हैं जिन्होंने हमेशा ही उन्हें मोटीवेट किया और निराश नहीं होने दिया। मोहित का मानना है कि प्रयास और मेहनत के बल से ही सफलता हासिल की जा सकती है और यही उनकी कामयाबी का मूलमंत्र भी है।
UPSC सिविल सेवा 2020 के इंटरव्यू चरण की कर रहे हैं तैयारी
मोहित बताते हैं कि वह यूपीएससी में दो बार विफल हो चुके हैं। परन्तु इस वर्ष उन्होंने प्री और मेंस परीक्षा क्लियर कर ली हैं और इंटरव्यू की तैयारी कर रहे हैं। इसी बीच उनका यूपीपीसीएस भी क्लियर हो गया है। अपनी सफलता पर खुश होते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारा देश कई मामलों में दूसरे देशों से पीछे है और वह प्रशासनिक सेवाओं में रहकर लोगों की भलाई के लिए काम करना चाहते हैं।
मोहित रावत के पिता किसान परिवार से संबंध रखते हैं। वह सिंचाई विभाग से सुपरवाइजर के पद पर रिटायर हुए हैं। परिवार के सभी लोग उनकी इस कामयाबी से बेहद खुश हैं।