भारत की कुल तटीय सीमा की बात करें, तो यह 7516 किलोमीटर है, जो कि राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़ी हुई है। इसमें से करीब 5000 किलोमीटर राज्य और करीब 2000 किलोमीटर केंद्र शासित प्रदेशों की तटीय सीमा है। भारत के समुद्री तट अपनी विशेष प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाने जाते हैं।
यही वजह है कि हर साल यहां देश-विदेशी सैलानी पर्यटन के लिए पहुंचते हैं। आपने भी अलग-अलग समुद्री तटों के बारे में सुना और पढ़ा भी होगा। साथ ही कुछ समुद्री तटों का भ्रमण भी किया होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक समुद्री तट ऐसा भी है, जहां का पानी दिन में अचानक गायब हो जाता है।
खास बात यह है कि यह घटना दिन में एक बार नहीं, बल्कि दो बार होती है, जिसके बाद स्थानीय लोग समुद्र के तट पर चलने के साथ अपने वाहनों को तट पर दौड़ाते हैं। कौन-सा है यह समुद्र तट और क्या है इसके पीछे की कहानी, जानने के लिए यह पूरा लेख पढ़ें।
पढ़ेंः भारत में किस राज्य की है सबसे लंबी तटीय रेखा, जानें
भारत के इन राज्यों में मौजूद है समुद्र तट
सबसे पहले हम यह जान लेते हैं भारत के किन राज्यों में समुद्र तट मौजूद है, तो आपको बता दें कि भारत के नौ राज्यों में समुद्र तट मौजूद हैं, जिसमें गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और गोवा है। भारत के इन राज्यों में मौजूद समुद्री तटों पर पर्यटन के लिए हर साल देशी-विदेशी सैलानी पहुंचते हैं और अपने साथ यहां की खूबसूरत तस्वीरों और यादों को साथ लेकर वापस लौटते हैं।
किस तट पर गायब हो जाता है समुद्र
अब सवाल है कि भारत में किस समुद्री तट पर समुद्र गायब हो जाता है, तो आपको बता दें कि भारत के उड़ीसा में चांदीपुर में स्थित समुद्री तट पर समुद्र गायब हो जाता है। इसके बाद यहां आसानी से लोग समुद्र तट पर चलते हैं। इसके साथ ही कुछ लोग यहां समुद्र की तलहटी पर पिकनिक मनाने के लिए भी पहुंचते हैं।
5 किलोमीटर के दायरे तक गायब हो जाता है समुद्र
चांदीपुर में समुद्र तट पर करीब 5 किलोमीटर तक समुद्र का पानी गायब हो जाता है, जिसके बाद एक बड़ा क्षेत्रफल यहां लोगों के लिए मौजूद होता है। समुद्र का पानी गायब होने के बाद यहां तट पर समुद्री जीव भी आसानी से देखने को मिल जाते हैं। साथ ही लोग भी यहां पर्यटन के लिए पहुंचते हैं। यह घटना दिन में दो बार होती है।
क्यों गायब हो जाता है समुद्र का पानी
अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर समुद्र के तट पर पानी गायब क्यों हो जाता है। दरअसल, आपको बता दें कि यहां समुद्र में जब ज्वार आती है, तो वह अपने साथ समुद्र का पानी तट पर लाती है। वहीं, ज्वार के उतरने पर समुद्र का पानी 5 किलोमीटर तक पीछे चला जाता है और तट पूरी तरह से खाली हो जाता है।
इस प्रकार जब वापस से दोबारा ज्वार चढ़ती है, तो समुंदर का पानी दोबारा किनारे तक आ जाता है। यहां के स्थानीय लोगों को इस घटना का सही समय पता है, जिससे वे इस समय पर यहां समुद्र किनारे पहुंचते हैं और समुद्र के तट पर घूमते-फिरते हैं।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation