अमेरिका में इस समय राष्ट्रपति पद के लिए डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस में चुनावी मतगणना में कड़ा मुकाबला थम गया है। ट्रंप ने 295 इलेक्ट्रॉल वोट्स के साथ जीत दर्ज की है। वहीं, हैरिस को 226 इलेक्ट्रॉल वोट मिले हैं। दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल अमेरिका का राष्ट्रपति पद बहुत ही शक्तिशाली पद है। ऐसे में पूरी दुनिया की निगाहें इस चुनावी मतगणना पर बनी हुई हैं।
अमेरिकी संविधान में राष्ट्रपति की भूमिका और उनके अधिकार स्पष्ट किए गए हैं, जो उन्हें कार्यकारी, विधायी, न्यायिक, सैन्य और कूटनीतिक मामलों में शक्तियां प्रदान करते हैं। आइए इन सभी शक्तियों और कार्यों पर विस्तार से नजर डालते हैं:
राष्ट्रपति के कार्य व शक्तियां
-राष्ट्रपति देश का प्रमुख कार्यकारी अधिकारी होता है और संघीय सरकार की सभी नीतियों का क्रियान्वयन भी करता है।
-आपको बता दें कि राष्ट्रपति संघीय एजेंसियों और मंत्रिमंडल के प्रमुखों की नियुक्ति भी करता है और उन्हें दिशा-निर्देश देता है। ये एजेंसियां राष्ट्रीय नीतियों को कार्यान्वित करने और सरकारी प्रशासन को बनाए रखने का कार्य करती हैं।
-राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संघीय कानून के पालन को सुनिश्चित करना भी होती है। इसके लिए राष्ट्रपति संघीय अधिकारियों को आदेश भी दे सकता है।
राष्ट्रपति की विधायी शक्तियां
-राष्ट्रपति के पास कुछ सीमित विधायी अधिकार भी होते हैं। राष्ट्रपति विशेष सत्र बुलाने और आवश्यक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कह सकता है।
-राष्ट्रपति द्वारा कानूनों के प्रस्ताव को पेश नहीं किया जा सकता है। हालांकि, वह अपने वार्षिक भाषण में विधायी प्राथमिकताओं और योजनाओं को प्रस्तुत करने का अधिकार रखता है।
-किसी भी बिल को स्वीकृति या अस्वीकृत करने का अधिकार भी अमेरिकी राष्ट्रपति के पास होता है। यदि राष्ट्रपति द्वारा किसी भी बिल को वीटो कर दिया जाए, तो उसे लागू करने के लिए दो-तिहाई बहुमत से पारित करना पड़ता है।
राष्ट्रपति की सैन्य शक्तियां
-अमेरिकी राष्ट्रपति देश का कमांडर-इन-चीफ भी होता है। वह सभी सशस्त्र बलों का सर्वोच्च अधिकारी होता है।
-राष्ट्रपति सेना, नौसेना, वायु सेना और अन्य सैन्य इकाइयों का नियंत्रण करने के साथ उन्हें युद्ध या रक्षा के समय निर्देशित कर सकता है।
राष्ट्रपति की कूटनीतिक शक्तियां
-अमेरिकी राष्ट्रपति अमेरिका का मुख्य कूटनीतिक प्रतिनिधि होता है। ऐसे में अन्य देशों के साथ संबंध बनाने में राष्ट्रपति की अहम भूमिका होती है।
-अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ मुलाकात कर द्विपक्षीय और बहुपक्षीय समझौतों पर रजामंदी के साथ हस्ताक्षर किए जाते हैं।
-यहां यह भी जानना जरूरी है कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा अंतरराष्ट्रीय समझौतों पर हस्ताक्षर करने का अधिकार होता है, लेकिन इन समझौतों को लागू कराने के लिए सीनेट की मंजूरी चाहिए होती है।
राष्ट्रपति की न्यायिक शक्तियां
-अमेरिकी राष्ट्रपति के पास किसी भी अपराध में दोषियों को क्षमा देने का अधिकार होता है।
-अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा संघीय व उच्चतम न्यायालयों के न्यायाधीशों की नियुक्ति की जाती है। हालांकि, इसके लिए सीनेट की मंजूरी चाहिए होती है।
राष्ट्रपति की सामाजिक व राजनीतिक शक्तियां
-राष्ट्रपति सरकार का प्रमुख होने के साथ-साथ अपने दल का भी प्रमुख होता है। वह अपने दल की नीतियों को भी जनता के सामने प्रस्तुत करता है।
-यदि देश में किसी भी प्रकार का राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय संकट पैदा होता है, तो इस स्थिति में अमेरिका का राष्ट्रपति देश को संबोधित कर जनता का मनोबल बढ़ाता है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation