बीते वर्ष यानि कि साल 2024 का लोकसभा चुनाव सभी को याद होगा। इस चुनाव में एक तरफ जहां पुराने चेहरों ने सत्ता की जीत हासिल की थी, तो कुछ नए चेहरों ने दिग्गजों को मात देकर संसद तक का रास्ता तय किया था।
इस कड़ी में कुछ ऐसे नाम भी देखने को मिले थे, जिनकी उम्र सिर्फ 25 से 27 वर्ष थी। यानि यह वह उम्र होती है, जिस उम्र में एक व्यक्ति स्नातक या परास्नातक करने के बाद करियर की शुरुआत कर रहा होता है।
वहीं, इस उम्र में दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में सांसद के रूप में लोकतंत्र की कमान संभालना बड़ी बात है। इस कड़ी में हम भारत के पांच सबसे युवा सांसदों के बारे में जानेंगे।
पुष्पेंद्र सरोज
पुष्पेंद्र सरोज चार बार के विधायक व पूर्व मंत्री रहे इंद्रजीत सरोज के बेटे हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में मात्र 25 साल की उम्र में कौशांबी सीट से दो बार के भाजपा सांसद विनोद सोनकर को हराया था। पुष्पेंद्र ने अपनी 12वीं की पढ़ाई देहरादून से की है, जिसके बाद उन्होंने स्नातक की पढ़ाई के लिए लंदन की क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी का रूख किया।
प्रिया सरोज
प्रिया सरोज ने भी मात्र 25 वर्ष की उम्र में संसद तक का रास्ता तय किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा की ओर से चुनाव लड़ भाजपा सांसद बीपी सरोज को हराया था।
शांभवी चौधरी
शांभवी चौधरी ने भी 25 वर्ष की आयु में लोकसभा चुनाव जीता था। उन्होंने 2024 में लोकसभा चुनाव में बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। शांभवी नीतिश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी की बेटी हैं। शांभवी ने लोक जनशक्ति पार्टी(राम विलास) से चुनाव लड़ा था।
संजना जाटव
संजना जाटव ने सिर्फ 26 साल की उम्र में संसद तक का रास्ता तय किया है। उन्होंने राजस्थान की भरतपुर लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। इस सीट पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप कोली को हराया था।
इकरा हसन
इकरा हसन ने सपा पार्टी से कैराना लोकसभा सीट पर चुनाव जीता था। उन्होंने मात्र 29 साल की उम्र में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप कुमार को 69,116 वोटों से हराया था। आपको बता दें कि इकरा की पढ़ाई लंदन से हुई है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंः दुनिया में कुल कितने देश हैं और क्या है उनकी राजधानी, जानें
Comments
All Comments (0)
Join the conversation