Career Tips: ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) कैसे बनें? जानें क्या है योग्यता, चयन प्रक्रिया, सैलरी और कहां मिलेगी नौकरी?
Career Tips: जाने डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) कैसे बनें? जानें क्या होती है योग्यता, चयन प्रक्रिया, सैलरी और कहां मिलेगी नौकरी. किस संस्थान के द्वारा होती इन पदों पर चयन तथा ब्लॉक में कौन कौन सी पोस्ट होती हैं? BDO नौकरी के लिए कैसे होती है भर्ती और भी बहुत कुछ.
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर की भर्ती: ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर का पद राज्य सरकार के अधीन ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत तहसील या तालुक स्तर पर होता है. वैसे तो ब्लॉक के अंतर्गत कई सारे पद होते हैं जिनके लिए चयन अलग-अलग ग्रेड के तहत किया जाता है. लेकिन ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर पदों पर भर्ती सम्बंधित राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा किया जाता है जो राजपत्रित अधिकारी के समान वेतन और ग्रेड का होता है.
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर का पद ग्रुप बी (गजेटेड) स्तर का होता है. ब्लाक डेवलपमेंट ऑफिसर अपनी नियुक्ति के ब्लाक का प्रधान अधिकारी होती है. ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर अपने नियुक्ति के क्षेत्र (ब्लॉक) में विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की देख-रेख करता है. ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर को अपने क्षेत्र के सम्बन्धित गांवों के प्रधान, जिला प्रमुख, डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर, सीईओ, जिला परिषद, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के जिला स्तर के अधिकारियों, डायरेक्टर/कमिश्नर, पंचायत, समिति के निर्वाचित सदस्यों, डिविजनल कमिश्नर, एमएलए, एमपी, मंत्री, आदि के निर्देशों के अनुसार कार्य करने होते हैं. ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के कार्यों में पीडब्ल्यूडी, फॉरेस्ट, पीएचई, स्वास्थ्य, आदि विभागों द्वारा किये जाने वाले कार्य शामिल नहीं होते हैं.
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर: कार्य
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर की भूमिका ब्लॉक स्तर पर ग्रामीण विकास योजनाओं जैसे नरेगा, वृद्धावस्था पेंशन योजना, विकलांग को लाभ, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, निर्धन आवास, कृषि योजनाओं, लोक शिकायतों के निपटारे आदि से जुड़े सभी कार्यों को निपटाने के संदर्भ में बहुत महत्वपूर्ण होती है. इसके साथ ही, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर को राज्य व केंद्र सरकार के विभिन्न अधिकारियों के साथ ब्लॉक स्तर पर किये जा रहे कार्यों एवं नीतियों के क्रियान्वयन में सहयोग करना होता है.
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के लिए कितनी होनी चाहिए योग्यता?
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर बनने के लिए उम्मीदवारों को सम्बन्धित राज्य के लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षा (पीसीएस) परीक्षा उत्तीर्ण करना होता है. पीसीएस परीक्षा में बैठने के लिए जरूरी है कि उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से किसी भी विषय में स्नातक उत्तीर्ण होना चाहिए. इसके साथ ही, उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की आधिकारिक भाषा में कार्य करने, बोलने एवं समझने में पारंगत होना चाहिए.
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के लिए कितनी है आयु सीमा?
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर बनने के लिए जरूरी है कि उम्मीदवार की आयु 21 वर्ष से 35 वर्ष के बीच हो. आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा सरकार के नियमानुसार छूट दी जाती है.
ब्लॉक में कौन कौन सी पोस्ट होती हैं?
सामान्यत: ब्लाक के अंतर्गत ब्लाक ऑफिसर, पंचायत ऑफिसर, एग्रीकल्चरल ऑफिसर सहित अन्य पद भी होता हैं. इसके साथ ही क्लर्क, ऑफिस असिस्टेंट और ग्रुप सी और डी के भी पद होते हैं. हालाँकि ब्लाक प्रमुख ब्लाक डेवलपमेंट ऑफिसर ही होता ही जिसका चयन उस राज्य के लोक सेवा आयोग द्वारा किया जाता है.
ब्लाक डेवलपमेंट ऑफिसर के लिए चयन प्रक्रिया
प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षा (पीसीएस परीक्षा) में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा (प्रारंभिक), लिखित परीक्षा (मुख्य) और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर किया जाता है. सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनायी जाती है. मेरिट लिस्ट के आधार पर प्रांतीय सिविल सेवा के विभिन्न पदों पर उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के बाद नियुक्ति दी जाती है, जिनमें से ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर का भी पद शामिल होता है.
कितनी मिलती है ब्लाक डेवलपमेंट ऑफिसर को सैलरी?
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के पद पर छठें वेतन आयोग के पे-बैंड-3 अर्थात रु.15600- रु. 39100 + ग्रेड पे रु. 5400 के अनुसार सैलरी दी जाती है. जिन संगठनों में सातवां वेतन आयोग लागू हो चुका है वहां समकक्ष ग्रेड के अनुरूप सैलरी दी जाती है.
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर को कहां मिलेगी सरकारी नौकरी?
ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर के पद पर चयन विभिन्न राज्य के लोक सेवा आयोगों द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रांतीय सिविल सेवा परीक्षा (पीसीएस परीक्षा) के माध्यम से किया जाता है. राज्य पीसीएस परीक्षाओं के लिए अधिसूचना समय-समय पर सम्बन्धित राज्य के लोक सेवा आयोग द्वारा निकाली जाती हैं. इन सभी अधिसूचनाओं के बारे में सम्बन्धित राज्य लोक सेवा आयोग की वेबसाइट, भारत सरकार के प्रकाशन विभाग से प्रकाशित होने वाले रोजगार समाचार, दैनिक समाचार पत्रों एवं सरकारी नौकरी की जानकारी देने वाले पोर्टल्स या मोबाइल अप्लीकेशन के माध्यम से अपडेट रहा जा सकता है.
Manish Kumar, an education Journalist and content professional with 15+ years of experience in Education and Career Development domain in digital and print media. He has previously worked with All India Radio (External Service Division), State Times and others. A Science Graduate (Hons in Physics) with PGJMC in Journalism and Mass Communication. At Jagranjosh, he used to create high-quality, engaging educational content for Education and Career sections including News/Notifications/Current Affairs/Preparation etc. He can be reached at manish.kumarcnt@jagrannewmedia.com.