भारत में कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। इन सभी राज्यों में क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे बड़े राज्यों की बात करें, तो महाराष्ट्र का नाम इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर शामिल है। राज्य का कुल एरिया 307,713 वर्ग किलोमीटर है। वहीं, यह देश का दूसरा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य भी है।
राज्य का समृद्ध और गौरवशाली इतिहास इसे अन्य राज्यों से अलग बनाता है। आपने राज्य के अलग-अलग जिलों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि महाराष्ट्र का सबसे नया जिला कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
महाराष्ट्र राज्य का परिचय
महाराष्ट्र पश्चिमी भारत का प्रमुख राज्य है, जो कि अपनी विविध संस्कृति, समृद्ध इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है। यही नहीं, महाराष्ट्र को देश का आर्थिक पावरहाउस और सांस्कृतिक गढ़ के रूप में भी पहचान मिली हुई है।
महाराष्ट्र का अधिकांश भाग दक्कन के पठार पर स्थित है। स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए 1 मई, 1960 को भाषा के आधार पर राज्य का गठन किया गया था। राज्य की प्रमुख नदी कृष्णा और गोदावरी है।
यह तेलंगाना, कर्नाटक, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा और दमन और दीव व दादर और नगर हवेली से अपनी सीमाएं साझा करता है।
महाराष्ट्र में कुल जिले और मंडल
महाराष्ट्र में कुल 36 जिले हैं, जो कि 6 राजस्व मंडलों में आते हैं। इन जिलों को मंडल के हिसाब से विभाजित किया गया है, जिससे राज्य में सुगम तरीके से प्रशासन चल सके।
महाराष्ट्र का सबसे नया जिला
महाराष्ट्र के सबसे नये जिले की बात करें, तो यह पालघर है। यह महाराष्ट्र का 36वां जिला है। यह जिला कोंकण मंडल में आता है, जो कि पश्चिमी रेलवे लाइन का प्रमुख हिस्सा है।
कब हुआ जिले का गठन
पालघर जिले का गठन 1 अगस्त, 2014 में किया गया था। जिले का गठन ठाणे से अलग कर किया गया था। क्योंकि, ठाणे जिला महाराष्ट्र में क्षेत्रफल और जनसंख्या के हिसाब से सबसे बड़े जिलों में शामिल है। ऐसे में यहां प्रशासनिक स्तर पर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसे देखते हुए पालघर जिले का गठन करने का फैसला लिया गया।
प्रमुख शहरों में ये हैं शामिल
जिले के प्रमुख शहरों में सई, विरार, दहानु और बोईसर शामिल हैं। आपको बता दें कि बोईसर एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जो कि तारापुर परमाणु ऊर्जा स्टेशन के लिए भी जाना जाता है। इस जिले की सीमा अरब सागर और गुजरात से मिलती है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंःभारत में किस शहर को कहा जाता है ‘इलायची का शहर’, यहां जानें जवाब
Comments
All Comments (0)
Join the conversation