उत्तर प्रदेश भारत में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है। साल 2011 में यहां की आबादी 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी, जो कि पूरे भारत की करीब साढ़े 16 फीसदी थी। हालांकि, वर्तमान में यह आंकड़ा 24 करोड़ के पार हो गया है।
इस समय देश में चुनावी माहौल है और हर तरफ लोकसभा सीटों की बात हो रही है, हालांकि संसद का ऊपरी सदन राज्य सभा होती है। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश में कुल कितनी राज्य सभा सीटें हैं। यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश का परिचय
सबसे पहले हम उत्तर प्रदेश के बारे में जान लेते हैं। उत्तर प्रदेश को 1836 उत्तर-पश्चिम प्रांत के नाम से जाना जाता था। इसके बाद 1877 से राज्य का नाम उत्तर-पश्चिम आगरा एवं अवध प्रांत हो गया। 1902 से राज्य का नाम संयुक्त प्रांत आगरा एवं अवध हुआ। वहीं, 1937 से इसका नाम संयुक्त प्रांत हो गया। देश के आजाद होने के बाद से 24, जनवरी 1950 को राज्य का नाम उत्तर प्रदेश कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में कुल जिले
उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। प्रदेश का सबसे बड़ा जिला लखीमपुर खीरी है, जो कि 7680 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। वहीं, सबसे छोटा जिला हापुड़ है, जो कि 660 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। प्रदेश का सबसे पूर्वी जिला बलिया, सबसे उत्तरी जिला सहारनपुर, सबसे पश्चिमी जिला शामली और सबसे दक्षिणी जिला सोनभद्र है।
राज्यसभा का परिचय
अब हम पहले राज्य सभा के बारे में जान लेते हैं। आपको बता दें कि राज्य सभा में अधिकाधिक 250 सदस्य होते हैं। इसमें से 238 सदस्य राज्यों तथा संघ राज्य क्षेत्रों के प्रतिनिधि होते हैं तथा 12 सदस्यों को संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत राष्ट्रपति द्वारा नामांकित किया जाता है।
राज्य सभा एक स्थायी निकाय होता है। ऐसे में इसे भंग नहीं किया जा सकता है। वहीं, इसके एक तिहाई सदस्य प्रत्येक दूसरे वर्ष सेवानिवृत्त होते हैं तथा उन्हें नए निर्वाचित सदस्यों द्वारा प्रतिस्थापित किया जाता है। प्रत्येक सदस्य को छह वर्ष की अवधि के लिए निर्वाचित किया जाता है। साथ ही भारत का उपराष्ट्रपति राज्य सभा का पदेन सभापति होता है। यह सदन अपने सदस्यों में से एक उप सभापति का चुनाव भी करता है। इसके अलावा राज्य सभा में उप-सभापतियों का एक पैनल भी होता है।
उत्तर प्रदेश में कुल राज्यसभा सीटें
अब सवाल है कि आखिर उत्तर प्रदेश में कुल कितनी राज्यसभा सीटें हैं, तो आपको बता दें कि राज्य में कुल 31 राज्य सभा सीटें मौजूद हैं। इसका मतलब यह हुआ कि लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर यानि कि संसद भवन में राज्य के 31 संसद प्रतिनिधित्व करते हैं।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation