अरब सागर में उठे बिपरजॉय तूफान ने भारतीय तटों पर अपनी दस्तक दर्ज करा दी है। गुजरात के तटीय इलाकों से होता हुआ यह पाकिस्तान तक पहुंचा है। इस दौरान 125 किलोमीटर प्रतिघंटा तक तेज हवाएं और तेज बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तूफानों की इस कड़ी में आपने Cyclone, Hurricane और Typhoon जैसे नाम सुने होंगे। हालांकि, क्या आपको इन सभी के बीच अंतर पता है। यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इन तीनों के बारे में जानेंगे।
क्या होता है Cyclone
चक्रवाती तूफान समुद्र के ऊपर उठते हैं। दरअसल, जब भी समुद्र का तापमान बढ़ता है, तो इसके ऊपर मौजूद हवा गर्म होकर ऊपर उठ जाती है और वह जगह खाली हो जाती है। साथ ही वहां पर प्रेशर भी कम हो जाता है।
ऐसे में उस जगह पर ठंडी हवा पहुंचती है और यह प्रक्रिया चलती रहती है, जिससे सांप की कुंडली की तरह चक्रवात बनता है। इसे ही अंग्रेजी भाषा में साइक्लोन कहते हैं, जो कि ग्रीक के शब्द साइक्लोस से आया है। ग्रीक भाषा में इसका अर्थ सांप की कुंडली होता है।
दक्षिण प्रशांत महासागर और हिंद महासागर में उठने वाले तूफान को ट्रॉपिकल साइक्लोन कहा जाता है।
क्या होता है Hurricane
हरिकेन भी एक शक्तिशाली चक्रवात होता है। हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इन चक्रवातों को अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग नाम से जाना जाता है।
उदाहरण के तौर पर, उत्तरी अमेरिका और कैरेबियन आइलैंड में आने वाले तूफान को हरिकेन कहा जाता है, जो कि एक चक्रवाती तूफान है। हरिकेन अटलांटिक और उत्तर-पश्चिम महासागरों से उठते हैं।
क्या होता है Typhoon
अब सवाल आता है कि टाइफून क्या होते हैं, तो आपको बता दें कि यह भी चक्रवाती तूफान है। हालांकि, अलग जगह से उठने के कारण इस चक्रवात को टाइफून नाम दिया गया है। यह तूफान उत्तर-पश्चिम प्रशांत महासागर में उठता है।
जापान, फिलिपिंस और चीन में इसे टाइफून कहा जाता है। आमतौर पर ये भी शक्तिशाली तूफान होते हैं और तेज गति के साथ आगे बढ़ते हैं। यहां ध्यान देने वाली बात यह भी है कि समय-समय पर इन तूफानों का नाम दिया जाता है।
उदाहरण के तौर पर, अभी अरब सागर में उठने वाले तूफान को बिपरजॉय नाम दिया गया है, जो कि बांग्लादेश ने दिया है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। क्या आपको पता है कि भारत में दक्षिण की गंगा किस नदी को कहा जाता है। यदि नहीं, तो आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर जानकारी हासिल कर सकते हैं।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation