जम्मू-कश्मीर की वादियों में स्थित पहलगाम इन दिनों खास चर्चाओं में है। क्योंकि, आंतकवादियों द्वारा यहां बेरहमी से भारतीयों को निशाना बनाया गया है। यह स्थान अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इस लेख में हम जानेंगे कि आखिर पहलगाम का क्या अर्थ होता है और इसका क्या इतिहास रहा है।
क्या है पहलगाम का अर्थ
पहलगाम, पुहेलअर्थ नाम से बना है। कश्मीरी भाषा में इस शब्द का अर्थ चरवाहा होता है। ऐसे में पहलगाम का अर्थ चरवाहों के गांव से है। यह स्थान घासभूमी वाला स्थान है, जो कि पशुओं के चराने के लिए अच्छी जगह मानी जाती है। कुछ लोग इसे बैलगाम के नाम से भी जानते हैं।
लिद्दर नदी के किनारे बसा है पहलगाम
पहलगाम, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले से 45 किलोमीटर की दूरी पर लिद्दर नदी के किनारे बसा हुआ है। यह हिंदू धर्म में पवित्र अमरनाथ यात्रा का महत्त्वपूर्ण पड़ाव भी है, जहां से श्रद्धालु यात्रा के लिए आगे बढ़ते हैं। यह स्थान अपनी खूबसूरत वादियों के लिए जाना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पर्यटन के लिए पहुंचते हैं।
क्या है पहलगाम का इतिहास
पहलगाम का इतिहास प्राचीन काल से जुड़ा हुआ है। किंवदंतियों के अनुसार, यह वह स्थान है जहां भगवान शिव ने अमरनाथ गुफा की ओर जाते समय अपने नंदी (बैल) को छोड़ा था, इसलिए इसे पहले 'बैलग्राम' (बैल का गांव) भी कहा जाता था।
इतिहास की किताबों पर गौर करें, तो पहलगाम पर विभिन्न शासकों का शासन रहा है। 14वीं शताब्दी तक यह हिंदू राजाओं के नियंत्रण में था। हालांकि, 1346 में शम-उद-दीन ने इस क्षेत्र पर नियंत्रण कर लिया और उनके राजवंश ने मुगल आक्रमण तक शासन किया।
साल 1586 आया और कश्मीर के पूरे क्षेत्र के साथ पहलगाम भी अकबर के नियंत्रण में पहुंच गया। ऐसे में मुगल शासकों ने इस क्षेत्र पर शासन किया। बाद में, यह कश्मीर साम्राज्य का हिस्सा बन गया, जिस पर स्थानीय हिंदू शासकों का शासन था। आपको बता दें कि यह रियासत ब्रिटिश काल के दौरान भी स्वतंत्र रही और बाद में स्वतंत्र भारत में विलय हो गई थी।
पर्यटन के लिए क्यों है खास
पहलगाम अपने यहां मौजूद शंकुधारी वन, घने जंगलों और घास के मैदानों के लिए जाना जाता है। लिद्दर नदी के बसा यह पहलगाम अपनी खूबसूरती के लिए पर्यटकों में विख्यात है। यही वजह है कि हर साल यहां बड़ी संख्या में देशी-विदेशी सैलानी पहुंचते हैं। वहीं, सर्दी में यहां की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation