This is an archived article last updated on Oct 11, 2017. The information may be outdated.

फॉरेन यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए सरल और उपयोगी टिप्स

Last Updated: Oct 11, 2017, 12:59 IST

विदेश में शिक्षा प्राप्त करने पर बहुत सारी सुविधाएं प्राप्त होती हैं. विश्वविद्यालय का नाम एक ब्रांड के रूप में कार्य करता है तथा इससे छात्रों को नौकरी तथा रोजगार मिलना बहुत आसान हो जाता है.

Tips to get admission in foreign countries
Tips to get admission in foreign countries

विदेश में शिक्षा प्राप्त करने पर बहुत सारी सुविधाएं प्राप्त होती हैं. विश्वविद्यालय का नाम एक ब्रांड के रूप में कार्य करता है तथा इससे छात्रों को नौकरी तथा रोजगार मिलना बहुत आसान हो जाता है. इसके अतिरिक्त अपने देश तथा दूसरे देश, दोनों देश के लोगों के साथ तालमेल बैठाने के कारण स्टूडेंट्स के व्यक्तित्व का विकास भी सही तरीके से होता है. प्रतिवर्ष हजारो छात्र  विदेशी कॉलेजों में एडमिशन के लिए आवेदन करते हैं लेकिन उनमें से कुछ को ही सफलता मिलती है. नीचे दिए गए टिप्स पर अमल कर स्टूडेंट्स आसानी से विदेशी कॉलेजों एडमिशन पा सकते हैं.

प्रारंभिक तैयारी सहायक होगी

जिन कॉलेजों के लिए आप आवेदन करना चाहते हैं, उनको शॉर्टलिस्ट करें. यदि आप अफोर्ड कर सकते हैं,तो उक्त विश्वविद्यालय में जाकर वहां का माहौल देखें.इससे आप वहां के लोगों से बातचीत कर उपयोगी जानकारी हासिल कर सकते हैं. विशेष रूप से वहां पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों से बातचीत कर आप सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं. वहां कुछ दिन रहने से वहां के स्ट्रगल से भी आप वाकिफ हो जायेंगे.

अच्छे मार्क्स होना है जरुरी

फॉरेन यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए पिछले एकेडमिक एग्जाम में आपके मार्क्स अच्छे होने चाहिए.आपको अपने सभी सेमेस्टर में अच्छे अंक लाने होंगे ताकि आप एक मेधावी छात्र होने का दावा कर सकें. इसके अतिरिक्त आपको टॉफेल, आईईएलटीएस, सैट और एक्ट जैसे प्रवेश परीक्षाओं में बेहतर स्कोर करना होगा. ऐसे परीक्षाओं में अच्छे मार्क्स लाने के लिए आप कोचिंग संस्थान की मदद ले सकते हैं.

आवेदन भरना

एडमिशन लेने के लिए आपको अपने आवेदन फॉर्म को बिना गलती किये सही तरीके से भरना होगा. इसमें व्यक्तिगत तथा शैक्षणिक जानकारी देनी होती है. इसमें दिये गए सभी दिशानिर्देशों के आधार पर ही इसे भरें.

कोर्स के चयन का उद्देश्य और व्यक्तिगत जीवन अनुभवों का विवरण

इस कोर्स को चयन करने का मुख्य कारण तथा अपने व्यक्तिगत अनुभवों की जानकारी देना आवेदन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है.इसी आधार पर आप अपने आप को अन्य प्रत्याशियों से कुछ अलग साबित कर सकते हैं. इसे लिखते समय बड़ी सावधानी बरतते हुए अपना बेस्ट देने की कोशिश करनी चाहिए. इसके लिए आप अपने शिक्षकों, मित्रों और रिश्तेदारों की मदद ले सकते हैं.

उपलब्धियों की सूची

ज्यादातर कॉलेज के फॉर्म में अपनी उपलब्धियों के वर्णन का एक कॉलम होता है. इस कॉलम को भरते समय आप हमेशा प्रासंगिक जानकारी दें ताकि जरुरत पड़ने पर आप उस विषय से जुड़े विषयों पर उम्दा प्रदर्शन कर सकें. अतिरिक्त गतिविधियों में आप खेल, क्लब, कला, औपचारिक संगठन, और स्वयंसेवक समूह आदि की जानकारी दे सकते हैं. अपने एकेडमिक करियर के दौरान किये गए कार्यों का वर्णन करने की कोशिश कीजिये. अगर आपने कोई पार्ट टाईम जॉब किया है तो आप उसका जिक्र कर सकते हैं.

सिफारिशी पत्र

अधिकांश कॉलेज के आवेदन पत्र के साथ एक सिफारिश पात्र को भी संलग्न करना पड़ता है. इस समय आपको अपने स्कूल टीचर के मदद की आवश्यक्ता होगी. वैसे हर यूनिवसिर्टी का अपना अलग कायदा कानून हैं. कुछ में आपको खुद सिफारिश पत्र भेजना होगा जबकि कुछ इसे आपके कॉलेज, स्कूल या टीचर द्वारा अनुमोदित होने की मांग करते हैं. अतः इस विषय में पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद ही इस लेटर को जमा करें. चूँकि आपके विषय में कुछ जानकारी देने में कुछ लोग समय ले सकते हैं, अतः आप इसके लिए सही समय सीमा का भी ख्याल रखें.

निष्कर्ष

फॉर्म भरने की प्रक्रिया को उबाऊ या थकाऊ न समझें. इसे आप सावधानी पूर्वक अलर्ट रहते हुए भरने की कोशिश करें. इससे आपको अपने स्किल तथा योग्यता की जानकारी मिलेगी जो आपके व्यक्तित्व और योग्यता का सही मूल्याङ्कन में सहायक होगा.

First Published: Sep 6, 2017, 16:42 IST

आप जागरण जोश पर सरकारी नौकरी, रिजल्ट, स्कूल, सीबीएसई और अन्य राज्य परीक्षा बोर्ड के सभी लेटेस्ट जानकारियों के लिए ऐप डाउनलोड करें।

Trending

Latest Education News