IPS Success Story: IPS बनने से पहले मनोचिकित्सक थे अभिषेक पल्लव, डॉक्टर से पुलिस अधिकारी तक पूरा किया सफर
IPS Success Story: सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले आईपीएस अधिकारी अभिषेक पल्लव पुलिस सेवा में आने से पहले मनोचिकित्सक हुआ करते थे। उन्होंने दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में भी वरिष्ठ मनोचिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इस लेख के माध्यम से हम उनके आईपीएस बनने की कहानी जानेंगे।
IPS Success Story: संघ लोक सेवा आयोग(UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवाओं में शुमार है। इस सेवा के माध्यम से कुछ युवा प्रशासनिक अधिकारी बनकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की बागडोर संभालते हैं, जबकि कुछ युवा पुलिस सेवा में आकर कानून व्यवस्था में सुधार करते हैं। वर्दी के साथ देश के सेवा को लेकर युवाओं में खासा जुनून देखा जाता है। आज हम आपको सोशल मीडिया पर छाए रहने वाले अभिषेक पल्लव की कहानी बताने जा रहे हैं, जिन्होंने आईपीएस बनने से पहले मनोचिकित्सक के रूप में काम किया। उन्होंने कुछ समय तक दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में वरिष्ठ मनोचिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दी। इसके बाद विभिन्न अस्पतालों में काम किया और अंत में वह आईपीएस अधिकारी बन गए।
अभिषेक पल्लव का परिचय
अभिषेक पल्लव मूलरूप से बिहार के बेगुसराय के रहने वाले हैं। उनके पिता ऋषि कुमार व माता आशा देवी हैं। पिताजी भारतीय सेना में थे, ऐसे में अभिषेक की स्कूली शिक्षा आर्मी स्कूल से पूरी हुई। इसके बाद उन्होंने मेडिकल सेवा की तरफ रूख किया।
हासिल की MBBS की डिग्री
अभिषेक पल्लव के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा पूरी होने के बाद गोवा विश्वविद्यालय में MBBS में दाखिला लिया। यहां उन्होंने 1999 से 2005 तक मेडिकल की पढ़ाई पूरी की।
AIIMS से MD कर बने मनोचिकित्सक
अभिषेक पल्लव ने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी होने के बाद अपनी पढ़ाई बंद नहीं की, बल्कि उन्होंने पढ़ाई को आगे जारी रखते हुए एम्स में एमडी में दाखिला लिया। यहां से उन्होंने मनोचिकित्सक की पढ़ाई पूरी की।

दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में किया काम
अभिषेक पल्लव ने मनोचिकित्सक के रूप में साल 2010 में दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल में वरिष्ठ मनोचिकित्सक के रूप में काम किया। उन्होंने यहां करीब एक साल 4 महीने काम किया और इसके बाद निजी अस्पताल में सेवा देने के लिए चले गए।
इहबास में किया काम
अभिषेक पल्लव ने कुछ समय बाद दिल्ली में मनोचिकित्सा के बड़े अस्पताल यानि Institute of Human Behavior and Allied Sciences( IHBAS) में भी साल 2011 से 2013 तक वरिष्ठ मनोचिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दी।
असिस्टेंट प्रोफेसर रहते हुए की UPSC की तैयारी
अभिषेक पल्लव ने इहबास के रामा मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने यूपीएससी की तैयारी करना शुरू कर दिया था और अपनी तैयारी को धार दे रहे थे।
साल 2013 में बने IPS
अभिषेक पल्लव के लिंक्डइन अकाउंट के मुताबिक, उन्होंने साल 2013 में यूपीएससी सिविल सेवाओं को पास कर लिया था, जिसके बाद सितंबर 2013 में मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में फाउंडेशन कोर्स किया और इसके बाद हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में उन्होंने आईपीएस का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कब हुए मशहूर
अभिषेक पल्लव तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने एक माओवादी का इलाज किया था। उन्होंने उस माओवादी को खुद गोली मारी थी, जिसके बाद उन्होंने उसका इलाज किया और चर्चाओं में आ गए।
छत्तीसगढ़ में SP के पद पर हैं कार्यरत
अभिषेक पल्लव वर्तमान में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात हैं। वह इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल रहते हैं। उन्हें अक्सर सोशल मीडिया पर वीडियो में लोगों को ट्रैफिक नियम और अपराधियों को सही रास्ते पर चलने की सलाह देते हुए पाया जाता है। अभिषेक की पत्नी यशा उपेंद्र भी पेशे से डॉक्टर हैं।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.